विक्रमशिला सेतु हादसे में पिता की मौत पर बेटे ने पुल निगम पर लगाए गंभीर आरोप

रिपोर्ट - मोहम्मद शमशेर, भागलपुर/बिहार:विक्रमशिला सेतु पुल पर हुए दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौत के बाद परिजनों ने पुल निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। मृतक के पुत्र लक्की कुमार एवं समाजसेवी अजय कुमार उर्फ लाली मुखिया ने इस घटना को पुल निगम की घोर लापरवाही का परिणाम बताया है।

समाजसेवी अजय कुमार उर्फ लाली मुखिया ने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति की मौत नहीं, बल्कि समाज के लिए एक गंभीर चुनौती बनती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुल निगम की लापरवाही के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ है और ऐसी लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जा सकती।

उन्होंने बताया कि मामले को लेकर बरारी थाना में आवेदन दिया गया है, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई का आश्वासन नहीं मिला है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि न्याय नहीं मिला तो वे नियमानुसार जिला पदाधिकारी (डीएम) के समक्ष शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन भी करेंगे।

वहीं मृतक के पुत्र लक्की कुमार ने भावुक होते हुए कहा कि उनके पिता विनय कुमार पासवान अब इस दुनिया में नहीं रहे। उन्होंने बताया कि परिवार में एक बहन और एक भाई हैं तथा उनकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है।

लक्की कुमार ने कहा कि उन्होंने बरारी थाना में आवेदन तो दिया है, लेकिन उन्हें प्रशासन से ज्यादा उम्मीद नहीं है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार द्वारा घोषित चार लाख रुपये का मुआवजा उनके परिवार के भविष्य और जीवन-यापन की समस्या का समाधान नहीं कर सकता।

परिजनों और स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को समुचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।