UTS ऑन मोबाइल” ऐप सेवा 01 मार्च 2026 से बंद; यात्रियों को टिकटिंग हेतु “RailOne” ऐप अपनाने का आग्रह

मालदा पश्चिम बंगाल | रेल मंत्रालय के निर्देशों के अनुपालन में तथा भारतीय रेल के डिजिटल परिवर्तन अभियान के अंतर्गत, पूर्व रेलवे के मालदा मंडल द्वारा जानकारी दी गयी है कि यूटीएस ऑन मोबाइल ऐप सेवा दिनांक 01 मार्च 2026 से स्थायी रूप से बंद की जाएगी।

अतः सभी यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे नवीन समेकित रेलवन ऐप का उपयोग प्रारंभ करें, जो टिकटिंग एवं अन्य यात्री सेवाओं के लिए एकल, एकीकृत डिजिटल मंच के रूप में कार्य करेगा।

रेलवन ऐप में यूटीएस ऑन मोबाइल एवं रेल कनेक्ट की सुविधाओं को एकीकृत किया गया है, जिससे यात्री एक ही लॉग-इन आईडी एवं पासवर्ड के माध्यम से विभिन्न सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। इस उपयोगकर्ता-अनुकूल ऐप के माध्यम से निम्नलिखित सुविधाएँ उपलब्ध होंगी

• अनारक्षित (सामान्य), आरक्षित एवं प्लेटफॉर्म टिकट की बुकिंग
• डिजिटल प्लेटफॉर्म टिकट बुकिंग
• लाइव ट्रेन रनिंग स्टेटस
• पीएनआर स्थिति की जानकारी
• कोच एवं प्लेटफॉर्म स्थिति की जानकारी
• टिकट निरस्तीकरण एवं धनवापसी की ट्रैकिंग
• यात्री फीडबैक एवं सहायता सेवाएँ
• डिजिटल भुगतान के माध्यम से बुक किए गए अनारक्षित टिकटों पर 3% की छूट
• आर-वॉलेट रिचार्ज पर 3% बोनस

“रेलवन” ऐप की यह पहल डिजिटल पहुँच को सरल बनाने, यात्रियों की सुविधा बढ़ाने तथा सुरक्षित एवं नकदरहित लेन-देन को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मालदा मंडल सभी यात्रियों से अनुरोध करता है कि वे 01 मार्च 2026 से पूर्व “रेलवन” ऐप (RailOne App) डाउनलोड कर इसका उपयोग प्रारंभ करें, ताकि टिकटिंग सेवाओं में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

पूर्व रेलवे के मालदा मंडल यात्रियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं तकनीक-आधारित सेवाएँ प्रदान करने हेतु सतत प्रतिबद्ध है।


✍️ रिपोर्ट: दीपक कुमार