हैदराबाद/नलगोंडा (तेलंगाना): तेलंगाना के नलगोंडा जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर ऑनलाइन क्राइम वीडियो देखकर अपने ही चार रिश्तेदारों की हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम दे दिया। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी सैयद असलम है, जो हैदराबाद में कार चालक का काम करता था। असलम आर्थिक तंगी, कर्ज और अपनी आलीशान जीवनशैली के कारण परेशान था। उसने पहले अपनी पत्नी की मौसी हसीना से एक लाख रुपये उधार लिए थे। बाद में उसने कार खरीदने के लिए दोबारा एक लाख रुपये मांगे, लेकिन हसीना ने मना कर दिया और पुराने कर्ज को लेकर तंज कसा।
जांच में सामने आया कि इस बात से नाराज असलम और उसकी पत्नी तबस्सुम ने बदला लेने की योजना बनाई। पुलिस का दावा है कि असलम ने इंटरनेट पर हत्या करने के तरीके से जुड़े वीडियो देखे और फिर पूरे हत्याकांड की साजिश रची।
घटना का खुलासा 22 जून को तब हुआ, जब पड़ोसियों ने घर से बदबू आने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर के अंदर चार लोगों के शव बरामद किए। मृतकों में मोहम्मद सुल्तान, उनकी पत्नी हसीना, बेटा मुजम्मिल और बेटी अफसरा शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी नकदी, सोने के आभूषण और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज लेकर फरार हो गया। बाद में उसने चोरी किए गए गहनों को एक ज्वेलर के पास गिरवी रखकर करीब 5.30 लाख रुपये हासिल किए। जांच के दौरान पुलिस ने नकदी, सोने के आभूषण, हत्या में इस्तेमाल हथियार, खून से सने कपड़े, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किया है।
पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।