दुमका | आशा हेंब्रम की रिपोर्ट | उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी शिकारीपाड़ा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने न्यू बॉर्न बेबी यूनिट का अवलोकन कर वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता तथा मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तार से समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त ने सीएचसी में आवश्यक जीवनरक्षक एवं सामान्य उपयोग की दवाओं की उपलब्धता का जायजा लेते हुए निर्देश दिया कि सभी जरूरी दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उप विकास आयुक्त ने स्वास्थ्य केंद्र में सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ करने हेतु फायर एक्सटिंग्विशर अनिवार्य रूप से स्थापित करने का निर्देश दिया। साथ ही, उन्होंने अस्पताल परिसर में उपलब्ध चिकित्सीय उपकरणों एवं सामग्रियों को व्यवस्थित एवं सुव्यवस्थित ढंग से रखने, स्वच्छता बनाए रखने तथा प्रबंधन व्यवस्था को और बेहतर करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।