गरीब परिवारों की बेटियों की शादी में सात्विक कन्या विवाह फाउंडेशन बना सहारा, विदाई सामग्री देकर की मदद

सरैयाहाट (दुमका) | आशा हेंब्रम की रिपोर्ट | प्रखंड सरैयाहाट क्षेत्र में सामाजिक सरोकार की एक सराहनीय पहल देखने को मिली, जहां सात्विक कन्या विवाह फाउंडेशन की ओर से तीन गरीब परिवारों की बेटियों को उनके विवाह अवसर पर आवश्यक विदाई सामग्री प्रदान की गई। संस्था के इस सहयोग से जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक राहत मिलने के साथ-साथ सामाजिक समर्थन भी मिला, जिससे नवविवाहिताओं और उनके परिजनों के चेहरों पर खुशी देखी गई।

जानकारी के अनुसार, संस्था द्वारा ग्राम ढोल पहाड़ी निवासी देव मुनि टुडू, ग्राम मोखापर निवासी ममता कुमारी तथा ग्राम जयनगरा निवासी माधुरी कुमारी को विवाह के अवसर पर जरूरी घरेलू सामान उपलब्ध कराया गया। संस्था की ओर से प्रत्येक कन्या को ट्रंक, तोशक, रजाई, दो तकिया, मच्छरदानी, 50 पीस स्टील बर्तन सेट, वर-वधू के वस्त्र, श्रृंगार सामग्री एवं श्रृंगार बॉक्स सहित अन्य आवश्यक सामग्री दी गई।

यह सामग्री वार्ड सदस्य बाबूलाल मुर्मू, ओंकार सिंह एवं मधु देवी के हाथों नवविवाहिताओं को भेंट की गई। इस अवसर पर संस्था के कार्यकर्ता रमेश टुडू और नीतीश कुमार भी मौजूद रहे।

संस्था के कार्यकर्ता रमेश टुडू ने बताया कि सात्विक कन्या विवाह फाउंडेशन न केवल जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी में सहयोग कर रही है, बल्कि क्षेत्र में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता अभियान भी चला रही है।

ग्रामीणों ने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए एक प्रेरणादायक और सराहनीय पहल बताया।