ठंड को देखते हुए रांची के स्कूलों के समय में बदलाव, डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने जारी किया आदेश

🗞️ रिपोर्ट: रूपेश कुमार, रांची (झारखंड) : झारखंड में लगातार बढ़ रही ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), रांची द्वारा जारी विशेष बुलेटिन के बाद उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रांची, श्री मंजूनाथ भजंत्री ने जिले के स्कूलों के समय में बदलाव को लेकर निर्देश जारी किए हैं।

जारी आदेश के अनुसार, रांची जिले के सभी निजी एवं केंद्रीय विद्यालयों में KG से लेकर कक्षा 6वीं तक की कक्षाएं अब सुबह 9:00 बजे के बाद ही संचालित की जाएंगी। यह आदेश 19 जनवरी 2026 (सोमवार) से 24 जनवरी 2026 (शनिवार) तक प्रभावी रहेगा।

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी विद्यालय प्रबंधन इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। प्रशासन का कहना है कि यह फैसला बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, क्योंकि आने वाले दिनों में ठंड और शीतलहर की स्थिति बनी रहने की संभावना जताई गई है।

जिला प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों की सेहत को प्राथमिकता दें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।


🔎 मुख्य बिंदु (Key Points)

  • रांची में बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए प्रशासन का फैसला

  • KG से कक्षा 6 तक के स्कूलों का समय बदला गया

  • सभी निजी और केंद्रीय विद्यालयों पर आदेश लागू

  • कक्षाएं सुबह 9:00 बजे के बाद ही लगेंगी

  • आदेश 19 जनवरी से 24 जनवरी 2026 तक प्रभावी

  • उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने जारी किया निर्देश