रिपोर्ट - दीपक कुमार,सरैयाहाट/दुमका: पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरैयाहाट सहित पूरे प्रखंड के 156 बूथों पर नवजात से लेकर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। अभियान का शुभारंभ स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मियों की उपस्थिति में किया गया।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रभा रानी प्रसाद ने बताया कि पोलियो उन्मूलन अभियान के तहत शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सरैयाहाट प्रखंड में कुल 29,200 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि अभियान के पहले दिन लगभग 60 प्रतिशत बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जा चुकी है। शेष बच्चों को चिन्हित कर सोमवार को घर-घर जाकर दवा पिलाई जाएगी, ताकि कोई भी बच्चा इस महत्वपूर्ण टीकाकरण अभियान से वंचित न रहे।
अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा 29 सुपरवाइजर और 312 वैक्सीनेटर की तैनाती की गई थी।
वहीं, हंसडीहा चौक स्थित पोलियो केंद्र पर हंसडीहा पंचायत की मुखिया आशा हेंब्रम ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत भले ही पोलियो मुक्त देश घोषित हो चुका है, लेकिन दुनिया के कुछ देशों में अभी भी पोलियो के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में सभी अभिभावकों को अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलानी चाहिए, ताकि वे इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रह सकें।
मुखिया आशा हेंब्रम ने पंचायत क्षेत्र के विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण भी किया तथा कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों को फटकार लगाते हुए अभियान को पूरी गंभीरता से संचालित करने का निर्देश दिया।