राज्यसभा जाने की इच्छा: नीतीश कुमार ने जनता को दिया भरोसा, कहा – बिहार के विकास का संकल्प रहेगा जारी

पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव को लेकर जनता के नाम एक भावनात्मक संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि पिछले दो दशक से अधिक समय से बिहार की जनता ने उन पर जो विश्वास और समर्थन बनाए रखा है, उसी के बल पर उन्होंने राज्य की सेवा पूरी निष्ठा से की है।

नीतीश कुमार ने अपने संदेश में कहा कि बिहार के लोगों के भरोसे और सहयोग की वजह से ही राज्य आज विकास और सम्मान के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने इसके लिए जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पहले भी कई अवसरों पर वे लोगों का धन्यवाद कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जब उन्होंने अपने संसदीय जीवन की शुरुआत की थी, तभी उनके मन में यह इच्छा थी कि वे बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के भी दोनों सदनों के सदस्य बनें। इसी इच्छा के तहत वे इस बार राज्यसभा का सदस्य बनने की इच्छा रखते हैं और चुनाव में भाग ले रहे हैं।

नीतीश कुमार ने अपने संदेश में यह भी स्पष्ट किया कि राज्यसभा जाने के बाद भी उनका बिहार और जनता के साथ संबंध पहले की तरह बना रहेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बिहार के विकास के लिए उनका संकल्प आगे भी जारी रहेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में जो नई सरकार बनेगी उसे उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहेगा, ताकि बिहार के विकास की प्रक्रिया निरंतर जारी रह सके।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार नीतीश कुमार का यह संदेश राज्यसभा चुनाव से पहले जनता के प्रति आभार और भविष्य की राजनीतिक भूमिका का संकेत माना जा रहा है।