ममदोट गांव में प्रशासनिक टीम का दौरा, पानी और स्वास्थ्य सुविधाओं की जांच

ममदोट (फिरोजपुर, पंजाब), 12 मार्च: गुरु हर सहाय क्षेत्र के अंतर्गत ममदोट ब्लॉक के गांव चकराऔके में प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा विकास कार्यों एवं जनसुविधाओं का निरीक्षण किया गया। इस दौरान एसडीएम हरजीत सिंह और बेनत सिंह सिद्धू के नेतृत्व में विभिन्न विभागों की टीम ने गांव का दौरा कर पानी, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान जल विभाग के एसडीओ जगदीश सिंह, तहसीलदार गुरदीप सिंह, बीडीओ विपिन कुमार तथा पटवारी गुरसेवक सिंह मौजूद रहे। टीम ने गांव की पानी की टंकी की स्थिति का जायजा लिया और पानी के नमूने लेकर गुणवत्ता की जांच की प्रक्रिया शुरू की।

स्वास्थ्य विभाग की अधिकारी रेखा भट्टी और उनकी टीम ने आंगनवाड़ी केंद्रों व स्कूलों में बच्चों और ग्रामीणों से संवाद कर स्वास्थ्य जागरूकता अभियान भी चलाया। ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई और बीमारियों की रोकथाम के उपायों की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव के तालाब की सफाई, एक सरकारी डिस्पेंसरी की स्थापना, सड़कों के किनारे जमा कूड़ा-करकट हटाने तथा बंद पड़े सीवरेज सिस्टम को चालू करने की मांग की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सभी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर सरकार तक पहुंचाकर जल्द समाधान किया जाएगा।

दौरे के दौरान गांव के सरपंच अमरजीत सिंह पप्पू सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।