रिपोर्ट: मोहम्मद शमशेर, बांका (बिहार): बांका जिले के अमरपुर प्रखंड स्थित सोनमन नाथ महादेव मंदिर परिसर में जेपी संपूर्ण क्रांति मंच की एक आपातकालीन बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष शशि शेखर चौधरी ने की, जबकि संगठन को मजबूत बनाने, सदस्यता सक्रिय रखने और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान प्रांतीय मीडिया प्रभारी अजय कांत मिश्रा ने सदस्यों की कम उपस्थिति पर खेद व्यक्त करते हुए सभी कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों में नियमित भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने बताया कि संगठन की अगली बैठक 29 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी, जिसकी सूचना बैठक से चार दिन पहले प्रखंड क्षेत्र में माइक प्रचार के माध्यम से दी जाएगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जेपी संपूर्ण क्रांति मंच की लगातार तीन बैठकों से अनुपस्थित रहने वाले सदस्यों के प्रति संगठन सख्त रुख अपनाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित प्रखंड अध्यक्ष उनकी सक्रियता पर विचार करते हुए आवश्यक निर्णय लेंगे।
संगठन के पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों और जेपी सेनानियों से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि अगली बैठक धोरैया प्रखंड के पटवा स्थित गायत्री मंदिर परिसर में आयोजित होगी। सभी जेपी सेनानियों, उनके परिजनों और संगठन से जुड़े सदस्यों से समय पर पहुंचकर बैठक को सफल बनाने की अपील की गई।
बैठक में राम विलास पंजीयरा, रविंद्र कापरी, रविंद्र चौधरी, साधना देवी, रिंकू देवी, बिनोद झा, निर्मला देवी, मानिक साह, शंकर शर्मा, सीताराम सिंह, शकुंतला देवी, ओम प्रकाश तिवारी सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।