दुमका: राजकीय जनजातीय हिजला मेला महोत्सव–2026 की तैयारियों को लेकर उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने हिजला मेला परिसर में सभी वरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान मेला से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जानकारी दी गई कि हिजला मेला महोत्सव का उद्घाटन 13 फरवरी 2026 को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया जाएगा। मेला के दौरान आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए कला दल का चयन कर लिया गया है।
🌾 कृषि प्रदर्शनी और स्टॉल पर विशेष फोकस
उपायुक्त ने कृषि प्रदर्शनी को अधिक उपयोगी बनाने का निर्देश देते हुए कहा कि इसमें स्ट्रॉबेरी, मशरूम और दलहन जैसे विषयों पर विशेष फोकस किया जाए। बैठक में बताया गया कि मेला परिसर में लगभग 100 स्टॉल लगाए गए हैं।
🏥 स्वास्थ्य एवं सुरक्षा व्यवस्था
स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेला अवधि के दौरान 24×7 स्वास्थ्य शिविर संचालित किया जाएगा। इसके साथ ही 108 एम्बुलेंस सेवा तथा मेडिकल टीम की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार ने कहा कि स्थानीय लोगों के सहयोग से मेला को सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित किया जाएगा।
🏗️ साफ-सफाई, प्रकाश और मूलभूत सुविधाएं
भवन प्रमंडल द्वारा जानकारी दी गई कि मेला परिसर में रंगाई-पुताई का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। वहीं नगर परिषद द्वारा मेला परिसर की साफ-सफाई के लिए पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी तथा जगह-जगह डस्टबिन लगाए जाएंगे।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि—
-
मेला परिसर में पेयजल की समुचित व्यवस्था
-
पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था
-
सभी विद्युत तारों एवं उपकरणों की जांच
-
तोरण द्वारों की मजबूती और विद्युत सुरक्षा
सुनिश्चित की जाए।
🚻 शौचालय, पार्किंग और निगरानी
बैठक में बताया गया कि मेला क्षेत्र में कुल 21 स्थायी एवं 24 अस्थायी शौचालय उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा—
-
परिवहन एवं पार्किंग की बेहतर व्यवस्था
-
मेला क्षेत्र में पर्याप्त साइनेज
-
सीसीटीवी कैमरों की स्थापना एवं सतत मॉनिटरिंग
के भी निर्देश दिए गए।
🔍 निरीक्षण भी किया
समीक्षा बैठक से पूर्व उपायुक्त ने सम्पूर्ण मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
✍️ रिपोर्ट: आशा हेम्ब्रम
📍 स्थान: दुमका