हंसडीहा | सीमावर्ती क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हंसडीहा पुलिस को गुरुवार को बड़ी सफलता हाथ लगी। वाहन जांच के दौरान एक कार से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शराब, मोबाइल फोन और फर्जी नंबर प्लेट जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार दोपहर करीब 12:40 बजे वरीय पदाधिकारी को गुप्त सूचना मिली कि दुमका की ओर से एक Hyundai i10 कार में अवैध अंग्रेजी शराब छुपाकर बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना का सनहा दर्ज कर थाना पुलिस सशस्त्र बल के साथ हंसडीहा–गोड्डा मुख्य मार्ग स्थित रेलवे फाटक के समीप वीणा हाउस सोनपापड़ी फैक्ट्री के पास सघन वाहन जांच शुरू की गई।
कुछ देर बाद हंसडीहा की ओर से आती एक सफेद रंग की कार को रोकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखते ही चालक वाहन खड़ा कर भागने लगा, लेकिन जवानों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। इसके बाद वाहन की विधिवत तलाशी ली गई, जिसमें सीट व डिक्की के अंदर छुपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई।
बरामद सामग्री
05 पेटी रॉयल स्टैग — 120 बोतल (375 एमएल)
07 पेटी इम्पीरियल ब्लू — 168 बोतल (375 एमएल)
03 पेटी रॉयल चैलेंज — 72 बोतल (375 एमएल)
कुल 360 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
इसके अतिरिक्त एक मोटोरोला कंपनी का मोबाइल फोन तथा एक फर्जी नंबर प्लेट भी जब्त किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त
पकड़ा गया युवक गोड्डा जिले के देवडांढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत खरखछीया गांव निवासी मो. महबूब अंसारी (21 वर्ष) बताया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को शराब बिहार ले जाकर बेचने की जानकारी मिली है।
दर्ज मामला
इस संबंध में हंसडीहा थाना कांड सं. 16/26 दिनांक 19.02.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 274/275/286/317(5)/3(5) तथा उत्पाद अधिनियम की धारा 47ए/52/55 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपी के नेटवर्क और शराब के स्रोत की भी जांच कर रही है।
छापेमारी दल
कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जरमुंडी अमित कच्छप, पुलिस निरीक्षक विशुनदेव पासवान, थाना प्रभारी अजीत कुमार यादव, अनुसंधानकर्ता जिम्मी हांसदा, दिलीप हांसदा, बिनोद सिंह सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि बिहार में लागू शराबबंदी को देखते हुए सीमावर्ती इलाकों में लगातार विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी
📍 हंसडीहा | रिपोर्ट: आशा हेम्ब्रम