महात्मा गांधी आगमन शताब्दी समारोह की तैयारियां तेज, भागलपुर में विभिन्न उपसमितियों की महा बैठक संपन्न

रिपोर्ट: मोहम्मद शमशेर, भागलपुर (बिहार): महात्मा गांधी आगमन शताब्दी समारोह की तैयारियों को लेकर आयोजित विभिन्न उपसमितियों की महा बैठक गांधी शांति प्रतिष्ठान केंद्र के अध्यक्ष प्रकाश चंद्र गुप्ता की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का संचालन समारोह समिति के संयोजक प्रसून लतांत ने किया, जबकि स्वागत भाषण संजय कुमार और धन्यवाद ज्ञापन महबूब आलम ने प्रस्तुत किया।

बैठक में अध्यक्ष प्रकाश चंद्र गुप्ता ने बताया कि प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रीय समारोह में देशभर के विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्राध्यापक, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवक, जेपी सेनानी, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में भाग लेंगे।

बैठक के दौरान समारोह के सफल आयोजन के लिए वित्तीय व्यवस्था, विभिन्न कार्यक्रमों के संचालन तथा बाहर से आने वाले अतिथियों के आवास और अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही समारोह के विभिन्न सत्रों को स्वतंत्रता सेनानी दीप नारायण सिंह, बोध नारायण मिश्र, शुभकरण चूड़ीवाला, सियाराम सिंह, सतीश चंद्र झा, महेंद्र गोप और मजहरूल हक को समर्पित करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में सैयद शाह फखरे आलम हसन, रामरतन चूड़ीवाला और ई. अंशु सिंह को स्वागत समिति का उपाध्यक्ष तथा समाजसेवी अशोक आलोक को महासचिव मनोनीत किया गया। वहीं तकी अहमद जावेद, संजय कुमार और सत्यनारायण मंडल को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।

समारोह के अवसर पर एक स्मारिका प्रकाशित करने का भी निर्णय लिया गया। इसके संपादन एवं प्रकाशन की जिम्मेदारी डॉ. मनोज कुमार के निर्देशन में उमेश नीरज, डॉ. सुधीर मंडल और प्रसून लतांत निभाएंगे।

बैठक में उद्घाटन सत्र, किसान सत्र, सद्भावना यात्रा, महिला शक्ति संकल्प सम्मेलन, राष्ट्रीय कवि सम्मेलन, रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, संगीत संध्या, महिलाओं की समस्याओं पर आधारित नाटक मंचन और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया। इसके अलावा प्रसिद्ध राजकमल प्रकाशन द्वारा विराट पुस्तक मेले के आयोजन पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में डॉ. मनोज कुमार, प्रो. विजय कुमार, जिनी हामिदी, रामरतन चूड़ीवाला, अरविंद कुमार रामा, इंजीनियर अमन कुमार सिन्हा, डॉ. सुनील अग्रवाल, एनुल हुदा, मिंटू कलाकार, अब्दुल करीम अंसारी, अनीता शर्मा, मृदुला सिंह, उषा सिन्हा, डॉ. उमेश प्रसाद नीरज, बासुदेव भाई, वर्षा विक्रम, संतोष कुमार, सच्चिदानंद किरण, डॉ. जयंत जलद, दीपक कुमार, पूनम श्रीवास्तव, वकील प्रसाद सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोगों ने भाग लिया और समारोह को सफल बनाने का संकल्प लिया।