दुमका में समाज कल्याण समीक्षा

दुमका | आशा हेंब्रम की रिपोर्ट | समाहरणालय सभागार में उपायुक्त की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने सर्वप्रथम पूर्व के बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की तथा अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने सेविका एवं सहायिका के रिक्त पदों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने को कहा। साथ ही अप्रैल माह में संभावित सेवानिवृत्ति को ध्यान में रखते हुए नए अभ्यर्थियों की नियुक्ति की तैयारी समय से करने का निर्देश दिया।

सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत अधिक से अधिक छात्राओं को जोड़ने हेतु विद्यालयों में विशेष शिविर आयोजित करने तथा योजना के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं का आपसी समन्वय से निराकरण करने का निर्देश दिया गया।

प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सभी सेविका एवं सहायिकाओं को योजनाओं की समुचित जानकारी उपलब्ध कराने पर बल दिया, ताकि लाभुकों को सहायता राशि प्राप्त करने में विलंब न हो। जिन प्रखंडों में प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई, उनके संबंधित सीडीपीओ के प्रति नाराजगी व्यक्त की गई।

साथ ही मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत आधार संबंधी लंबित मामलों का शीघ्र समाधान कर लंबित प्रकरणों को समाप्त करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सभी प्रखंडों के सीडीपीओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।