दुमका : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में खनिज परिवहन एवं अवैध खनन की रोकथाम से संबंधित बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि खनिज परिवहन कर रहे वाहनों की नियमित एवं सघन जांच अभियान निरंतर जारी रखा जाए। अवैध रूप से खनिज का परिवहन करने वाले वाहनों के विरुद्ध विधि सम्मत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने इंटर-डिस्ट्रिक्ट एवं इंटर-स्टेट चेक पोस्टों पर विशेष निगरानी रखने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। जिले के कई क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना प्राप्त होने पर उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को स्थल पर जाकर जांच करने का निर्देश दिया। यदि अवैध खनन की पुष्टि होती है तो तत्काल डोजरिंग करते हुए विधि सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा सतत निगरानी के माध्यम से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, वन प्रमंडल पदाधिकारी, सहायक समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी सहित अन्य उपस्थित थे।
✍️ रिपोर्ट: दीपक कुमार
📍 स्थान: दुमका
