हंसडीहा (दुमका) | रिपोर्ट आशा हेंब्रम | दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई जब हंसडीहा रामगढ़ मुख्य सड़क स्थित आलुवाडा गांव के समीप पुल के नीचे एक युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान आलुवाडा गांव निवासी बलराम यादव (पिता सुदर्शन यादव) के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। मौके पर अवर निरीक्षक लालदेव उरांव, दिलीप हांसदा तथा सहायक अवर निरीक्षक बिनोद सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया गया।
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिजनों ने बताया कि बलराम यादव मंगलवार देर रात घर से दो अन्य व्यक्तियों के साथ निकले थे, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटे। शुक्रवार को पुल के नीचे शव मिलने की खबर से पूरे इलाके में दहशत और चर्चाओं का माहौल बन गया।
परिवार के लोगों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। हालांकि खबर लिखे जाने तक पीड़ित परिवार की ओर से थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच में जुटी हुई है।