उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित

दुमका : उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में जिला शिक्षा विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित थे। शिक्षकों द्वारा पठन-पाठन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के प्रभावी उपयोग से बच्चों की पढ़ाई को सरल एवं रोचक बनाने के प्रयासों की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में शिक्षकों ने एक-एक कर एआई के उपयोग से संबंधित अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि किस प्रकार संपूर्ण पाठ्यपुस्तक को एआई एप्लीकेशन में अपलोड कर मल्टीपल चॉइस प्रश्न (MCQ) तैयार किए जा रहे हैं, विद्यार्थियों की उपस्थिति की मॉनिटरिंग की जा रही है, पढ़ाई से संबंधित पीटी (Practice Test) तैयार किए जा रहे हैं, प्रभावी लेसन प्लान बनाए जा रहे हैं तथा पीरियॉडिक टेबल जैसे जटिल विषयों को भी सरल तरीके से याद कराया जा रहा है।

उपायुक्त ने शिक्षकों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रयास शिक्षा को नई दिशा दे रहे हैं। जिला प्रशासन की मंशा है कि जिले के सभी विद्यालयों में एआई के उपयोग को प्रोत्साहित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई और अधिक सुगम एवं प्रभावी हो सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में एआई के माध्यम से बड़े कार्य सहजता से संभव हैं और विद्यार्थियों के जिज्ञासु मन को संतुष्ट करने में यह तकनीक अत्यंत सहायक सिद्ध हो सकती है।

उपायुक्त ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि दुमका जिले में संताली भाषा के व्यापक उपयोग को देखते हुए एआई के माध्यम से संताली भाषा में शिक्षण की संभावनाओं की भी जांच की जाए। यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में एक नई दिशा प्रदान कर सकती है। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को एआई एप्लीकेशन जैसे Google Gemini एवं ChatGPT की विस्तृत जानकारी देने का निर्देश दिया, ताकि वे इनका प्रभावी एवं सुरक्षित उपयोग कर सकें।
इसी क्रम में उपायुक्त ने एआई के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

बैठक में उप विकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित अन्य उपस्थित थे।


✍️ रिपोर्ट: दीपक कुमार
📍 स्थान: दुमका