दिल्ली दवा घोटाले में ACB का बड़ा एक्शन, पूर्व DGHS प्रमुख समेत दो गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग में कथित दवा खरीद घोटाले को लेकर एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व डायरेक्टर जनरल ऑफ हेल्थ सर्विसेज (DGHS) डॉ. वत्सला अग्रवाल समेत दो वरिष्ठ अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। ACB की यह कार्रवाई सरकारी अस्पतालों के लिए दवाओं, सर्जिकल सामान और मेडिकल उपकरणों की खरीद में कथित अनियमितताओं से जुड़े बहुचर्चित मामले में की गई है।

जांच एजेंसियों के अनुसार, दिल्ली सरकार की सेंट्रल प्रोक्योरमेंट एजेंसी (CPA) के माध्यम से दवाओं और मेडिकल उपकरणों की खरीद प्रक्रिया में गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि कुछ निविदाओं (टेंडर) की शर्तों को विशेष कंपनियों को लाभ पहुंचाने के लिए तैयार किया गया, जिससे प्रतिस्पर्धा प्रभावित हुई और सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचा।

इस मामले में इससे पहले CPA से जुड़े पूर्व अधिकारी डॉ. विनोद कुमार रंगा को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। ACB अब पूरे खरीद तंत्र, टेंडर प्रक्रिया और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की गहन जांच कर रही है। जांच एजेंसियों का मानना है कि यह घोटाला सैकड़ों करोड़ रुपये का हो सकता है।

सूत्रों के मुताबिक, जांच के दायरे में कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी हैं। ACB संबंधित दस्तावेजों, फाइलों और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।