भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में न्याय की मांग तेज, भागलपुर में निकला कैंडल मार्च

रिपोर्ट: मोहम्मद शमशेर,भागलपुर: भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग को लेकर भागलपुर में सोमवार को बड़ी संख्या में लोगों ने कैंडल मार्च निकाला। यह मार्च घंटाघर चौक से शुरू होकर स्टेशन चौक तक पहुंचा, जिसमें युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया।

मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर शांतिपूर्ण तरीके से न्याय की मांग की। लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।

प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना था कि समाज कानून और न्याय व्यवस्था में विश्वास रखता है। इसलिए मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए और यदि किसी की भूमिका सामने आती है तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

कैंडल मार्च के दौरान सरकार से पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कराने की मांग भी की गई। प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और लोगों ने न्याय के समर्थन में नारे लगाए।

इस अवसर पर शुभम तिवारी, नितेश चौबे, भास्कर तिवारी, नीरज चौधरी, अभिषेक रॉय सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और सामाजिक संगठनों के सदस्य मौजूद रहे।