भागलपुर के जगदीशपुर में सात दिवसीय भागवत कथा व यज्ञ का शुभारंभ, कलश यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

रिपोर्ट - मोहम्मद शमशेर | भागलपुर (बिहार): जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा एवं यज्ञ का भव्य शुभारंभ श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। आयोजन की शुरुआत कलश शोभायात्रा से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

कलश यात्रा में महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर पारंपरिक वेशभूषा में भाग लिया, वहीं पुरुष और युवा भजन-कीर्तन करते हुए पूरे मार्ग में आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण करते नजर आए। यह शोभायात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से होती हुई कथा स्थल तक पहुंची, जहां विधिवत पूजा-अर्चना के साथ कथा का शुभारंभ हुआ।

आयोजन समिति के सदस्य भारती भूषण झा, घनश्याम मंडल, सपन घोष, पवन दुबे, निखिल आनंद, बिनोद यादव, तुलसी यादव, गोपी नाथ मंडल, नीरज पंजीयरा और बीरबल मंडल ने बताया कि इस तरह के धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और आपसी भाईचारा मजबूत होता है।

उन्होंने कहा कि इस बार कलश यात्रा में उम्मीद से अधिक श्रद्धालुओं की भागीदारी रही, जो क्षेत्र की गहरी धार्मिक आस्था को दर्शाता है।

कार्यक्रम में सैकड़ों ग्रामीणों की उपस्थिति रही। वहीं पत्रकार अमित कुमार ने अपने गुरु महाराज को प्रणाम करते हुए बताया कि उनके परिवार को वर्षों से आध्यात्मिक परंपरा से जुड़ने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।

आयोजन समिति के अनुसार, सात दिनों तक चलने वाली इस कथा में परम पूज्य बालक स्वामीजी श्री श्री 1008 केशवाचार्य स्वामीजी महाराज द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का वर्णन किया जाएगा। साथ ही युवराज स्वामीजी महाराज की भी उपस्थिति रहेगी।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 11 बजे और दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक भजन, कीर्तन और प्रसाद वितरण का आयोजन होगा।


मुख्य बिंदु (Key Points)

  • जगदीशपुर में 7 दिवसीय भागवत कथा व यज्ञ शुरू

  • कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल

  • प्रसिद्ध कथा वाचक द्वारा श्रीकृष्ण लीलाओं का वर्णन

  • पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल