महीनों से अधूरी पुलिया पर उठे सवाल, घटिया निर्माण सामग्री और नेम प्लेट गायब होने का आरोप

रिपोर्ट: समशेर मस्तान, भागलपुर (बिहार):इस्माइलपुर प्रखंड के छटूसिंह टोला से रामनगर जाने वाले मार्ग पर निर्माणाधीन पुलिया कई महीनों से अधूरी पड़ी है। निर्माण कार्य लंबित रहने से ग्रामीणों और राहगीरों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अब इस पुलिया के निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता को लेकर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिया निर्माण में घटिया गुणवत्ता का सरिया इस्तेमाल किया जा रहा है। वहीं, निर्माण स्थल पर रखी गिट्टी में मिट्टी मिली होने का भी दावा किया गया है। ग्रामीणों ने पूरे निर्माण कार्य की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने और गुणवत्ता मानकों की समीक्षा की मांग की है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण स्थल पर योजना से संबंधित कोई नेम प्लेट या सूचना पट्ट नहीं लगाया गया है। इसके कारण यह जानकारी उपलब्ध नहीं है कि निर्माण कार्य किस विभाग के अधीन हो रहा है, इसकी स्वीकृत लागत कितनी है, संवेदक कौन है और कार्य पूरा करने की समय-सीमा क्या निर्धारित की गई है।

अधूरी पुलिया और खोदी गई सड़क के कारण क्षेत्र में आवागमन भी गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है। एम्बुलेंस, टोटो और अन्य छोटे वाहनों को इस मार्ग से गुजरने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान सड़क कीचड़युक्त हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार टोटो पलटने जैसी घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि पुलिया का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराया जाए, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा योजना से जुड़ी सभी जानकारियों वाला नेम प्लेट तत्काल लगाया जाए। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि प्रशासन इन आरोपों पर कब कार्रवाई करता है।