रामगढ़ (दुमका): जामा विधानसभा क्षेत्र की विधायक डॉ. लुईस मरांडी सोमवार को रामगढ़ प्रखंड के आदिवासी एवं पहाड़िया बाहुल्य बरमसिया पंचायत अंतर्गत बरमसिया गांव पहुंचीं, जहां उन्होंने चौपाल लगाकर ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं को गंभीरता से सुना।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने आदिवासी परंपरा के अनुसार लोटा-पानी से विधायक का पारंपरिक स्वागत किया। चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल से जुड़ी कई अहम समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं।
ग्रामीणों ने गरडीह स्कूल से घाटी तक सड़क निर्माण, सिजुआ से बरमसिया होते हुए मेघी टोला तक सड़क निर्माण तथा स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर की नियुक्ति की मांग प्रमुखता से उठाई।
विधायक डॉ. लुईस मरांडी ने ग्रामीणों की बातों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार सभी वर्गों का ख्याल रखते हुए विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि मंईयां सम्मान योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और सरकार लगातार रोजगार सृजन के लिए प्रयासरत है। विधायक ने पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि गांव के बुजुर्गों को पेंशन, पेयजल, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, चिकित्सा और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं का लाभ हर हाल में मिलना चाहिए।
इस मौके पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष बाबूलाल मुर्मू, कोषाध्यक्ष अशोक मंडल, मुखिया विद्यानंद मुर्मू, नवनीत कुमार शेखर, रिंकु मंडल, नंदकिशोर वैध, दिनेश साह, पंचायत अध्यक्ष शिशु बेसरा, सचिव जगरनाथ यादव सहित कई पार्टी कार्यकर्ता एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
✍️ रिपोर्ट: आशा हेम्ब्रम
