प्रमंडलीय बैठक में आशा हेम्ब्रम को सर्वसम्मति से जिला प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई

सरैयाहाट (दुमका): दुमका जिले के सरैयाहाट प्रखंड अंतर्गत हंसडीहा पंचायत की मुखिया आशा हेम्ब्रम को प्रमंडलीय बैठक में सर्वसम्मति से जिला प्रभारी के प्रभार से नवाजा गया। यह निर्णय बैठक में उपस्थित सभी बुद्धिजीवी मुखियाओं की सहमति से लिया गया।

बैठक के दौरान उपस्थित मुखियाओं ने नवनियुक्त जिला प्रभारी आशा हेम्ब्रम को माला पहनाकर और बुके भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।

इस अवसर पर आशा हेम्ब्रम ने कहा कि जिस विश्वास और भरोसे के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है, वह उससे भी अधिक निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगी। उन्होंने कहा कि बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुरूप वह संघ की मजबूती, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के सफल क्रियान्वयन तथा ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के माननीय मंत्री के साथ होने वाले संवाद को सफल और सुचारू बनाने में अहम भूमिका निभाएंगी।

उन्होंने यह भी आशा व्यक्त की कि संघ द्वारा जिन अन्य सदस्यों को नए दायित्व सौंपे गए हैं, वे सभी मिलकर कदम से कदम मिलाते हुए अपने-अपने उत्तरदायित्वों का पूरी निष्ठा से पालन करेंगे।

प्रमंडलीय बैठक का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और सभी उपस्थित प्रतिनिधियों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।


✍️ रिपोर्ट:

दीपक कुमार सिंह
स्थान: सरैयाहाट, दुमका