बरौनी में 23 बिहार बटालियन एनसीसी का संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर शुरू, थल सैनिक शिविर चयन प्रक्रिया का शुभारंभ

रिपोर्ट: समशेर मस्तान | भागलपुर/बरौनी: राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के तत्वावधान में 23 बिहार बटालियन एनसीसी द्वारा ओटीसी, बरौनी में 13 से 22 जुलाई तक 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (Combined Annual Training Camp) एवं प्री थल सैनिक शिविर-1 का शुभारंभ किया गया। शिविर में बिहार-झारखंड निदेशालय के विभिन्न एनसीसी ग्रुपों के कुल 195 कैडेट भाग ले रहे हैं।

इस प्रशिक्षण शिविर में भागलपुर, गया, मुजफ्फरपुर, पटना और रांची ग्रुप के कैडेट थल सैनिक शिविर के चयन के लिए आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। थल सैनिक शिविर एनसीसी का सबसे प्रतिष्ठित प्रशिक्षण कार्यक्रम माना जाता है, जिसमें चयन कई चरणों में किया जाता है।

चयन प्रक्रिया के दौरान कैडेट्स की मैप रीडिंग, हेल्थ एंड हाइजीन, जेडीएफएस (JDFS) सहित विभिन्न विषयों पर परीक्षा एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। सफल कैडेट आगे के चरणों में चयनित होकर राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित थल सैनिक शिविर, नई दिल्ली में भाग लेने का अवसर प्राप्त करेंगे।

संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में कैडेट्स को ड्रिल, फायरिंग, मैप रीडिंग, नेतृत्व विकास, अनुशासन तथा सांस्कृतिक गतिविधियों का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे उनमें नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा मिल सके।

शिविर का शुभारंभ कर्नल रितेश मोहन ने किया। उन्होंने कैडेट्स को समय का महत्व समझते हुए अनुशासन, लक्ष्य निर्धारण और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में नेतृत्व, राष्ट्रभक्ति और सेवा भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है।

शिविर की संपूर्ण व्यवस्थाएं सूबेदार मेजर सुरेश कुमार के नेतृत्व में संचालित की जा रही हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम में बटालियन के एएनओ, जीसीआई, ट्रेनिंग जेसीओ एवं पीआई स्टाफ भी सक्रिय रूप से अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।